वर्कआउट के बोझिल तरीकों को कहें अलविदा, लैग-चेस्ट प्रेस और थाई स्क्वीज़ से शरीर को दें सही शेप
By : Devadmin -

हेल्थ डेस्क. समय के साथ-साथ वर्क करने के तरीक़े भी बदल गए हैं। ये पहले से कहीं ज़्यादा रोचक और असरदार साबित हो रहे हैं। इस रिंग को ही आज़माकर देखिए। ऐसे ही कई वर्कआउट हैं जो बॉडी से चर्बी को घटाने के साथ बोरिंग फिटनेस रूटीन को तोड़ रहे हैं। इसे रिंगा–रिंगा फिटनेस भी कहा जा रहा है।
स्टैंडिंग लैग प्रेस
सीधे खड़े हो जाएं और पैरों को कंधों से थोड़ी ज़्यादा दूर पर फैलाएं। हाथों को कमर पर रखें और सिर सीधा रखें। अब रिंग को टखनों के बीच फंसाएं। इसे फंसाए हुए तस्वीर अनुसार बाएं पैर पर खड़े हो जाएं और दाएं पैर से ज़ोर देते हुए रिंग दबाएं। क्षमता अनुसार इसे दोहराएं और फिर पैरों को ज़मीन पर रखते हुए सामान्य अवस्था में आएं। फिर दाएं पैर पर खड़े होकर बाएं पैर से रिंग दबाएं। इस प्रक्रिया को 10-10 बार दोनों तरफ़ से दोहरा सकते हैं।
चेस्ट प्रेस
सीधे खड़े हो जाएं। पिलाटिस रिंग होल्डर से दोनों हाथों में पकड़ें और सीने के सामने रखें। अब दोनों हाथों की ताकत से रिंग दबाएं। फिर दबाव कम करते हुए रिंग ढीली छोड़ें। इसे करते समय कंधा, पीठ और सिर सीधा रखना है। यह व्यायाम कुर्सी या ज़मीन पर बैठकर भी कर सकते हैं। इसे 10 से 20 बार दोहराएं।
ब्रिज इनर थाई स्क्वीज़
पीठ के बल लेट जाएं। दोनों हाथों को ज़मीन पर सीधा और कमर के समानांतर रखें। दोनों पैरों को कंधों से थोड़ी ज़्यादा दूरी पर फैलाएं। पैरों को घुटनों से मोड़ते हुए तस्वीर अनुसार ऊपर लाएं। पंजों और हाथों की मदद से कमर और कूल्हों को ज़मीन से ऊपर उठाएं। दोनों जांघों के बीच पिलाटिस रिंग फंसाएं। दोनों जांघों से ताकत लगाते हुए इसे अंदर की तरफ़ दबाएं और फिर ढीला छोड़ें। इस प्रक्रिया को 10 बारदोहराएं।
साइड लाइंग लैग फिट
दाईं तरफ़ करवट लेकर लेट जाएं और तस्वीर अनुसार सिर को दाएं हाथ पर टिकाते हुए उठाएं। संतुलन बनाए रखने के लिए हथेलियों को सामने की ओर ज़मीन पर रख सकते हैं। पैरों को एक के ऊपर एक रखें। अब टखनों के बीच रिंग फंसाएं। पैरों से ज़ोर देते हुए रिंग को दोनों तरफ़ से दबाएं। क्षमता अनुसार जितना दबा सकते हैं दबाने की कोशिश करें। फिर दबाव कम करते हुए ढीला छोड़ें। इसे 10-10 बार दोनों तरफ़ से दोहराएं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: Health